GMCH STORIES

कई बवंडर आने के बावजूद दीपक कभी बुझा नही वरन दीवारों पर पेंट करते करते इससे निकले कमल की सुगंध करोड़ों लोगों के दिलों पर छा गई...

( Read 1963 Times)

03 Sep 24
Share |
Print This Page

गोपेन्द्र नाथ भट्ट

कई बवंडर आने के बावजूद दीपक कभी बुझा नही वरन दीवारों पर पेंट करते करते इससे निकले कमल की सुगंध करोड़ों लोगों के दिलों पर छा गई...

प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अपरान्ह नई दिल्ली के दीन दयाल उपाधाय मार्ग पर स्थित भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के विस्तार प्रखंड में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा की सदस्यता नवीनीकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए सबसे पहले अपनी सदस्यता का मिस्ड कॉल पद्धति से नवीनीकरण कराया। भाजपा के संविधान के अनुसार हर सदस्य को छह साल बाद इस ओपचारिकता  को पूरा करना होता है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सदस्यता का रीन्यूअल कर सदस्यता अभियान की शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही सोमवार से जम्मू कश्मीर, हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र को छोड़कर पूरे देश में सदस्यता अभियान कार्यक्रम की शुरुआत हो गई। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन,पीयूष गोयल सहित अन्य कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद थे। 

 

 

 

सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री मोदी बहुत भावुक हो उठे और उन्होंने पिछले कई दशकों पहले जनसंघ के काल खण्ड को याद करते हुए कहा कि यह दल ऐसे ही यहां तक नहीं पहुंचा है। इसके लिए अनेक पीढ़ियां खप गई है तब जाकर यह दल लोगों के दिलों दिमाग में जगह बना पाया है। मैं जब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में काम करता था और राजनीति में नहीं था तब जनसंघ के जमाने में बड़े उत्साह के साथ कार्यकर्ता दीवारों पर जनसंघ के चुनाव चिन्ह दीपक को पेंट करते थे। तब कई राजनीतिक दल के नेता मजाक उड़ाते थे कि दीवारों पर दीपक जलाने से सत्ता के गलियारे तक नहीं पहुंचा जा सकता है। हम वो लोग हैं जिन्होंने जनसंघ के चुनाव चिन्ह दीपक को दीवारों पर इतनी श्रद्धा से पेंट किया कि दीवारों पर पेंट किया हुआ कमल कभी न कभी तो दिलों पर पेंट हो ही जाएगा। हमारी पार्टी के राजनीतिक सफर में कई बवंडर आए लेकिन इन तूफानों के बावजूद दीपक कभी बुझा नही और इससे निकला कमल और  उसकी खुशबू आज हर किसी के दिल में समाई हुई है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि कुछ लोग हमेशा हमारा मजाक उड़ाते रहे। जब संसद में हमारे दो सदस्य थे तब भी बहुत भद्दा मजाक उड़ाया गया था। कुछ लोगों का चरित्र ही ऐसा होता है। ऐसी सभी आलोचनाओं को झेलते हुए हम जनसामान्य के कल्याण के लिए समर्पित होकर राष्ट्र प्रथम  नेशन फर्स्ट की भावना को जीते हुए चलते ही रहे।  मोदी ने कहा कि चुनौती को चुनौती देना बीजेपी की रगों में है। जहां चुनौती है, वहां हमें दिलों में कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का भरसक प्रयास किया है। जिस संघठन के माध्यम से देश की जनता सत्ता सुपुर्द करती है, वो ईकाई, वो संगठन, वो दल अगर लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं जीता है या उसके अंदर आंतरिक लोकतंत्र निरंतर नहीं पनपता है तो ऐसी स्थिति आ जाती है जो आज हम देश कई दलों में देख रहे हैं। अमित भाई ने ठीक कहा है कि देश में एकमात्र यही एक दल है जो पार्टी के संविधान का अक्षरश: पालन कर रहा है।

 

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, हमारी पार्टी इस देश की सबसे अलग पार्टी है क्योंकि हम अपने सदस्यता अभियान को हर 6 साल में नया करते है और पूरे प्रजातांत्रिक तरीके से करते हैं। हमारे कार्यकर्ता सरकार और संगठन के बीच कड़ी का काम करते हैं। 1950 से जो हमारा कारवां चला है तब से हम राष्ट्र के लिए ही चले। हमारा लक्ष्य हैं कोई बूथ अछूता नहीं रहना चाहिए, हर एक व्यक्ति को बीजेपी में समावेश करना है। उन्होंने कहा कि हम 10 करोड़ नए सदस्यता के लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। अमित शाह ने कहा कि हमने हर क्षेत्र में कार्य किया है। ट्रिपल तलाक खत्म किया, 370 हटाया, चाहे राम मंदिर का निर्माण हो या काशी विश्वनाथ कॉरिडोर हो.. जैसे कई काम किए हैं। 

 

कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि, हमारे पास 18 करोड़ की सदस्यता होने के बावजूद, बीजेपी के संविधान के अनुच्छेद 9 के कारण हमें हर 6 साल में सदस्यता का नवीनीकरण करना होता है। आज हम हर जगह हैं, बूथ मंडल समेत सभी जगह प्रजातांत्रिक तरीके से है। सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद, बूथ, मंडल, जिला, राज्य का चुनाव होगा फिर देश का चुनाव होगा। पार्टी में पहली बार निर्णय हुआ कि हम सदस्यता अभियान डिजिटल माध्यम के जरिए करेंगे और इसे अपार सफलता मिली। इस बार भी सदस्यता अभियान 10 करोड़ से ज्यादा का होगा।

 

भाजपा के इस सदस्यता अभियान को भाजपा के नए अध्यक्ष के चुनाव से पहले पार्टी के आंतरिक सर्वेक्षण की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक सदस्यता अभियान का पहला चरण 25 सितंबर तक चलेगा और फिर एक अक्टूबर को दूसरे चरण की शुरुआत से पहले इस कवायद की समीक्षा की जाएगी। यह अभियान 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसके बाद 16 से 31 अक्टूबर तक उन लोगों का पंजीकरण किया जाएगा जो सक्रिय सदस्य हैं। ये सक्रिय सदस्य निश्चित संख्या में नए सदस्य बनाकर सांगठनिक चुनाव में भाग ले सकते हैं।

 

पार्टी सूत्रों ने बताया कि पार्टी के पूर्णकालिक अध्यक्ष के चुनाव से पहले किसी कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति की कोई योजना नहीं है। यानी जे  पी नड्डा ही तब तक यह दायित्व⁷ संभालेंगे। देशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं को इस अभियान के लिए प्रशिक्षित किया गया है तथा यह अभियान काफी हद तक डिजिटल माध्यम पर निर्भर है। पार्टी इस अभियान के लिए अपने 10 लाख सक्रिय सदस्यों का लाभ उठाएगी। भाजपा ने पहले घोषणा की थी कि पार्टी का लक्ष्य इस अभियान के दौरान 10 करोड़ से अधिक सदस्य बनाने का है और इसमें उन राज्यों को शामिल नहीं किया जाएगा जिनमें अगले कुछ महीने में चुनाव होने वाले हैं।

 

 

पार्टी के पिछले सदस्यता अभियान के बाद इसके सदस्यों की संख्या 18 करोड़ थी और उसने उम्मीद जताई थी कि इस बार इस आंकड़े को पार कर लिया जाएगा। नए लोग एक मोबाइल नंबर पर कॉल करके, क्यूआर कोड स्कैन करके, नमो ऐप के माध्यम से और भाजपा की वेबसाइट के माध्यम से पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं। हालांकि दूरदराज के क्षेत्रों में पार्टी कागजों पर पंजीकरण की परंपरागत पद्धति का भी इस्तेमाल करेगी। 

 

अब यह देखना और अधिक रोचक होगा कि भाजपा सदस्यता अभियान के दौरान वर्तमान 18 करोड़ सदस्यों से भी अधिक सदस्यों के लक्ष्य को पूरा कर पाएगी अथवा नहीं?


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like