GMCH STORIES

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं को आत्मरक्षा की शिक्षा

( Read 1058 Times)

25 Jan 25
Share |
Print This Page

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं को आत्मरक्षा की शिक्षा

जैसलमेर, जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग के तत्वाधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आई.जी.एन.पी कॉलोनी और सभागार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य केंद्र में हुआ। इस वर्ष की थीम बालिकाओं के लिए बेहतर अवसर और उनके सशक्तिकरण पर केंद्रित है।

कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिसमें बालिकाओं ने चित्रकला, रंगोली, संगीत वादन आदि में अपनी अद्वितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान उपनिदेशक अशोक कुमार गोयल ने राष्ट्रीय बालिका दिवस को शक्ति दिवस के रूप में मनाने की महत्ता पर बल दिया और बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं संरक्षण के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई।

चिकित्सक डॉ. मनीषा माथुर ने किशोरी महावारी स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जानकारी दी और समाज में व्याप्त भेदभाव के उन्मूलन के साथ समानता स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। संरक्षण अधिकारी चंद्रवीर सिंह भाटी ने संविधान में निहित अधिकारों और बालिकाओं के संरक्षण के लिए मौजूद कानूनों के बारे में बताया और कानूनी रूप से सजग रहने की आवश्यकता की बात की।

इस अवसर पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्य निर्मला मीणा और मगी चौधरी ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बालिकाओं में आत्मविश्वास जाग्रत होता है और साथ ही महिलाओं के लिए संचालित पुलिस हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में भाग लेने वाली बालिकाओं को ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका दीपिका रंगा ने किया और अंत में प्रधानाचार्य रामाराम ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like