GMCH STORIES

बांसवाड़ा में श्रीफल होम के साथ विष्णुयाग सम्पन्न

( Read 3137 Times)

18 Aug 23
Share |
Print This Page
बांसवाड़ा में श्रीफल होम के साथ विष्णुयाग सम्पन्न

बांसवाड़ा | स्वामी रामानन्द सरस्वती वेदपाठशाला के साधकों द्वारा विश्व कल्याण एवं लोक मंगल की कामना से मुख्य संचालक ब्रह्मर्षि पं. हर्षवर्धन व्यास के मार्गदर्शन में अधिक मास अन्तर्गत विष्णुयाग अनुष्ठान बुधवार रात श्री वनेश्वर महादेव परिसर में श्रद्धा-भक्तिपूर्वक सम्पन्न हुआ। चार दिवसीय विष्णुयाग में श्रीफल से यज्ञ की पूर्णाहुति यजमान पं सुशील त्रिवेदी व परिवार द्वारा की गई।

लोढ़ी काशी का दैवीय वैभव सराहनीय

इस अवसर पर आध्यात्मिक विभूति, गौ संत श्री रघुवीरदासजी महाराज ने विष्णुयाग के श्रीविग्रहों एवं पुरुषोत्तम मण्डल के दर्शन किए और यजमान परिवार, पण्डित समूह तथा श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए इस वृहत् अनुष्ठान की सराहना की और कहा कि लोढ़ी काशी वागड़ में इस प्रकार के अनुष्ठानों की निरन्तरता से दैवीय एवं दिव्य परिवेश को ऊर्जा प्राप्त होती है। ऐसे अनुष्ठान होते रहने चाहिएं।

विष्णु स्तोत्रों एवं मंत्रों से विशिष्ट अनुष्ठान

पूर्णाहुति अनुष्ठान पं  भावेश पंड्या एवं पं. प्रदीप भट्ट के संयुक्त आचार्यत्व में यजमान परिवार द्वारा आवाहित देवताओँ के षोड़शोपचार पूजन, भगवान पुरुषोत्तम के त्रिंशोपचार पूजन, द्वादशाक्षरी विष्णु मूलमंत्र से भगवान पुरुषोत्तम को तुलसीदल अर्पण आदि हुए। इस दौरान् अग्नि देव पूजन, पुरुषसूक्त, श्रीसूक्त की वैदिक ऋचाओं के साथ विष्णु मंत्रों से आहुतियों, पुरुष सूक्त एवं श्रीसूक्त के 2100 पाठ के साथ पुरुषोत्तम मंत्र. के सवा लक्ष जप और मूल मंत्र से 111 दीप प्रज्वलन आदि के परम्परागत अनुष्ठान वैदिक ऋचाओं और मंत्रों से हुए।

सहयोगियों का सम्मान

इस अवसर पर मास पर्यन्त अधिक मास अनुष्ठान एवं चार दिवसीय विष्णुयाग अनुष्ठान में उल्लेखनीय योगदान के लिए पं हर्षित व्यास, पं. रौनक जोषी, पं. निमित्त जोशी, पं. हिरेन जोशी, पं. कुलदीप जोशी, पं. जय राणा, पं. भव्य उपाध्याय, पं. संकेत भट्ट, पं. सत्येंद्र व्यास, पं. किशोर शर्मा, पं. रितिक जोशी, कुमुदिनी त्रिवेदी, भारती त्रिवेदी, हंसा पंड्या, आशा द्विवेदी, निरुपमा पंड्या, निनाद त्रिवेदी, केयूर त्रिवेदी आदि का  बहुमान किया गया।

अनुष्ठान में मास पर्यन्त विभिन्न गांवों से साधकों को लाने व वापस छोड़ने के लिये बस उपलब्ध कराने के लिये लिओ संस्थान के निदेशक मनीष त्रिवेदी का बहुमान किया गया।

पूर्णाहुति अवसर पर मुख्य संचालक ब्रह्मर्षि पं. हर्षवर्धन व्यास, पं. कौशल पण्ड्या एवं पं. प्रणव पण्ड्या ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अनुष्ठान के उद्देश्यों, गतिविधियों और भावी अनुष्ठानों के बारे में जानकारी दी और बताया कि श्रावण मास के अन्तर्गत अतिरूद्र का वृहत् अनुष्ठान किया जाएगा।

अनुष्ठान पूर्णाहुति अवसर पर संरक्षक मंडल सदस्य पं जयप्रकाश पंड्या सहित विभिन्न धार्मिक मण्डलों, संस्थाओं के प्रतिनिधि और प्राच्यविद्याओं के मर्मज्ञ तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। आभार ज्ञापन पं. सुभाष भट्ट ने किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories : Banswara News
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like