निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नए कार्यकर्ताओं को आगे लाएं – डोटासरा, भाजपा धर्म और जाति की राजनीति कर सत्ता में आई – जूली

( 1599 बार पढ़ी गयी)
Published on : 08 Apr, 25 04:04

लेखक: डॉ. संजीव राजपुरोहित | प्रस्तुति: मोसिना बाबू

निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नए कार्यकर्ताओं को आगे लाएं – डोटासरा, भाजपा धर्म और जाति की राजनीति कर सत्ता में आई – जूली

 

उदयपुर, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली का डबोक एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह जानकारी उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संजीव राजपुरोहित ने दी। उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष कचरू लाल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों वरिष्ठ नेताओं का अभिनंदन किया।

इसके बाद खेरवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में आयोजित विधानसभा स्तरीय विशाल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन एवं विधायक डॉ. दयाराम परमार के 80वें जन्मदिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डोटासरा ने कहा कि जो कांग्रेस पदाधिकारी निष्क्रिय हैं, उन्हें हटाकर नए उत्साही कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए ताकि पार्टी को और मजबूत बनाया जा सके।

उन्होंने विधायक डॉ. परमार की सराहना करते हुए कहा कि वे आज भी युवाओं की तरह कार्य कर जनता के सुख-दुख में साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. परमार देश के पहले आदिवासी हैं जिन्होंने जैन धर्म पर पीएचडी की है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में उन्हें मंत्री नहीं बना पाना पार्टी की गलती थी।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस शासन की जनहित योजनाओं को बंद कर रही है और अनुभवहीन नेतृत्व के भरोसे राज्य को चला रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर समस्याओं को सुनने और समाधान के प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी पंचायतीराज चुनावों में डॉ. परमार के मार्गदर्शन में कांग्रेस को सभी स्तरों पर मजबूती से खड़ा करने की बात कही।

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है, और भाजपा सरकार ध्यान भटकाकर जनता को जात-पात में बांटकर सत्ता में बनी रहना चाहती है। लेकिन अब जनता जागरूक हो गई है और आने वाले चुनावों में भाजपा को साफ कर देगी।

इससे पूर्व विधायक डॉ. दयाराम परमार ने मुख्य अतिथि डोटासरा और अध्यक्षता कर रहे जूली का गुलदस्ता, माला, साफा पहनाकर व तलवार, तीर-कमान भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने अपने 80 वर्षों के संघर्षमय जीवन का विवरण देते हुए कार्यकर्ताओं से पंचायतीराज चुनावों की तैयारी अभी से शुरू करने का आग्रह किया।

समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य दिनेश खोड़निया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, पूर्व जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री कमला परमार सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों को 21 किलो की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। जन्मदिन पर डॉ. परमार ने केक काटा और डोटासरा व जूली ने उन्हें दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

अतिथियों के खेरवाड़ा आगमन पर आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। सम्मेलन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश मीणा, ऋषभदेव अध्यक्ष रूपलाल मीणा, पंचायत समिति की प्रधान पुष्पा मीणा व केशर देवी मीणा, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष केशवलाल खराड़ी, लिम्बाराम गरासिया, शंभूलाल खराड़ी, वीरेंद्र सिंह गरासिया, थावरचंद डामोर आदि उपस्थित रहे।

अंत में उदयपुर देहात जिलाध्यक्ष कचरू लाल चौधरी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। स्वागत करने वालों में परमानंद मेहता, डॉ. संजीव राजपुरोहित, राज सिंह झाला, बालू लाल भील, रेशमा मीणा, गोपाल सरपटा, धनपाल जैन, संदीप चौधरी, घनश्याम चौधरी सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा एवं नेता प्रतिपक्ष जूली आज शाम अहमदाबाद में 8 व 9 अप्रैल को होने वाले कांग्रेस राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए रवाना होंगे।

 


साभार :


© CopyRight Pressnote.in | A Avid Web Solutions Venture.